Muzaffarpur: कांटी में महिला और बच्चे का शव मिलने से सनसनी, ससुरालवालों पर आरोप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दोहरे हत्याकांड से कांटी इलाके में दहशत का माहौल; ससुर को गिरफ्तार कर भेजा जेल

मुजफ्फरपुर 1 अगस्त:  मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र में महिला और उसके छह वर्षीय पुत्र का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। वहीं महिला के मायकेवालों ने महिला के पति पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस द्वारा नामजद मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

कांटी पुलिस के अनुसार, नगर परिषद क्षेत्र के नेता चौक के समीप बीते रविवार को झाड़ियों से एक महिला का शव बरामद हुआ था। मृतका की पहचान नरसंडा निवासी विनोद साह की 25 वर्षीय पुत्री मंजू देवी के रूप में हुई थी। मृतका के परिजनों ने इस मामले में विशुनपुर सुमेर निवासी हरि पासवान के पुत्र विकास पासवान पर हत्या का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। परिजनों ने यह भी बताया था कि घटना के बाद मंजू देवी का छह वर्षीय पुत्र आर्यन कुमार लापता था।

इसके बाद कांटी पुलिस ने महिला का शव मिलने के बाद बच्चे की तलाश शुरू कर दी थी, लेकिन शुरुआती दिनों में सफलता नहीं मिली। मायके वालों के विरोध पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी के पिता हरि पासवान को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

लापता बच्चे की तलाश में पुलिस लगातार खोजबीन कर रही थी। इसी बीच शनिवार शाम को महिला की शव बरामदगी वाले क्षेत्र की झाड़ियों से तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची कांटी थाना पुलिस ने झाड़ियों से छह वर्षीय आर्यन कुमार का शव बरामद किया। पुलिस के अनुसार, शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला है, जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। स्थानीय लोगों का मानना है कि बच्चे की हत्या भी संभवतः महिला की हत्या के समय ही कर दी गई होगी। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।

कांटी थानाध्यक्ष रविकांत पाठक ने बताया कि नामजद मुख्य आरोपी विकास पासवान की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि मृतका के परिजनों के बयान के आधार पर मामले में विधिसम्मत आगे की कार्रवाई की जा रही है। महिला के मायके वालों से पूछने पर यह नहीं बता पाये कि उन्हें हत्या का शक महिला के पति पर ही क्यूं है और ना ही पुलिस की तरफ से इस मामले में अब तक कोई बयान आया है।

घटना के बाद मृतका के परिजन गहरे सदमे में हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पाठकों को एक बात बता देना चाहता हूं कि यह समाचार पुलिस और परिजनों द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी पर आधारित है। जांच पूरी होने तक या महिला के गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के कारणों की जानकारी स्पष्ट हो पाएगी।

Sandeepak Kumar
Author: Sandeepak Kumar

संदीपक कुमार, पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 साल से अधिक का अनुभव। ई टीवी से कैरियर की शुरुआत की। महुआ, कशिश न्यूज़,न्यूज 29 जैसे चैनल में बतौर पैनल प्रोड्यूसर और पीसीआर हेड के तौर पर काम किया। रायपुर आईबीसी 24, चंडीगढ़ न्यूज 18 में सीनियर प्रोड्यूसर कार्यरत रहे। कंटेंट डिजायनर के साथ ही स्क्रिप्ट राइटिंग, पैनलिंग और डिजिटल में कार्य का भी अनुभव रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें