मुजफ्फरपुर सांसद का विद्यार्थियों में दिखा एक अलग शिक्षक का रूप
मुजफ्फरपुर 1 अगस्त: केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री एवं मुजफ्फरपुर के सांसद डॉ. राज भूषण चौधरी ने शनिवार को ब्रह्मपुरा स्थित जिला स्कूल पहुंचकर नौवीं और दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों के बीच विज्ञान के विषय गणित, फिजिक्स और बॉयोलॉजी विषयों की कक्षाएं लीं। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व, अच्छे संस्कार, उज्ज्वल भविष्य और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर भी प्रेरक मार्गदर्शन दिया।

सांसद ने छात्रों से कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा में अच्छे अंक लाने का माध्यम नहीं, बल्कि एक बेहतर इंसान बनने का आधार है। उन्होंने कहा कि शिक्षित और संस्कारी नागरिक ही समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। विद्यार्थियों से उन्होंने निरंतर अध्ययन, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी, विद्यालय की प्राचार्या, शिक्षकगण तथा अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों के बीच सांसद की सहभागिता को प्रेरणादायी पहल बताया।

इस अवसर पर सांसद डॉ. राज भूषण चौधरी ने कहा कि कक्षा के दौरान बच्चों का उत्साह और सीखने की जिज्ञासा देखकर उन्हें बेहद खुशी हुई। उन्होंने बताया कि सांसद बनने से पहले भी वे समय-समय पर स्कूलों और कॉलेजों में जाकर विद्यार्थियों को पढ़ाते थे। बीच में यह सिलसिला कुछ समय के लिए रुक गया था, लेकिन अब इसे नियमित रूप से आगे बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने घोषणा की कि अब प्रत्येक शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र के अलग-अलग विद्यालयों में जाकर विद्यार्थियों की कक्षाएं लेंगे। उनका मानना है कि इससे विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर को समझने का अवसर मिलेगा और उनके ज्ञानवर्धन में भी सकारात्मक योगदान दिया जा सकेगा।
यहां एक बात आपको बताते चले कि डॉ. राज भूषण चौधरी सांसद बनने से पहले वो एक चिकित्सक रह चुके हैं। चिकित्सा सेवा के दौरान इनकी ख्याति एक दयालु और जरूरत के वक़्त लोगों के साथ खरे होने की रही है। शिक्षा के प्रति यह पहल जनप्रतिनिधियों की सहभागिता का एक सकारात्मक उदाहरण मानी जा रही है, जिससे विद्यार्थियों को प्रेरणा मिलने के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति उत्साह भी बढ़ेगा।









