Muzaffarpur: एक परिवार बन रहा दबंग; गौशाला चौक में आए दिन स्थानीयों से कर रहा विवाद और मारपीट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Advertisements
ad

मुजफ्फरपुर/खबर जिन्दगी: शहर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र के गौशाला चौक, कन्हौली वार्ड नंबर-46 में कथित मारपीट और विवाद का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों की ओर से पुलिस प्रशासन को शिकायत दी गई है एक परिवार गौशाला चौक के लिए दहशत गर्द बन रहा है। शिकायतकर्ताओं ने पुलिस से मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी एवं निवारक कार्रवाई की मांग की है।

अब तक इस मामले में पुलिस को दो परिवारों ने अपने साथ हुए ज्यादती की शिकायत पुलिस से की है। पहला मामला 9 अप्रैल 2026 का बताया जा रहा है। मिठनपुरा थाना में दिए गए एक आवेदन के अनुसार, मुन्ना कुमार ने आरोप लगाया कि 9 अप्रैल 2026 को वह अपने घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान नितीश कुमार द्वारा उन्हें धक्का दिए जाने की बात कही गई। आवेदन में आरोप है कि इसका विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और बीच-बचाव करने पहुंचे उनके बेटे के साथ भी हाथापाई की गई तथा उसके कपड़े फाड़ दिए गए। शिकायतकर्ता ने इसे तीसरी ऐसी घटना बताया है।

5 सितंबर को फिर विवाद का आरोप
वहीं, रामेश्वर कुमार की ओर से 5 सितंबर 2026 को मिठनपुरा थाना में दिए गए आवेदन में एक अन्य घटना का उल्लेख किया गया है। आवेदन के मुताबिक, 4 सितंबर की शाम परिवार के साथ भजन कार्यक्रम देखने के बाद अगले दिन सुबह उन्होंने कथित तौर पर पिछली शाम हुए विवाद के संबंध में सवाल किया।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इसके बाद कुछ लोगों ने रामेश्वर कुमार, उनकी पत्नी, दामाद और भांजी के साथ मारपीट की। आवेदन में बाँस, ईंट-पत्थर आदि से हमला किए जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, इस घटना में उनके सिर पर गंभीर चोट आई और इलाज के दौरान सिर पर 6 टांके, जबकि दाहिने हाथ में 1 टांका लगाया गया। उनकी पत्नी के भी हाथ और पेट में चोट लगने की बात आवेदन में कही गई है।

स्थानीय निवासी ने पुलिस अधिकारियों को भेजी शिकायत

इसी मामले को लेकर प्रकाश कुमार सिंह ने 6 सितंबर 2026 को पुलिस अधिकारियों को ईमेल के माध्यम से शिकायत भेजी है। शिकायत में उन्होंने क्षेत्र में कथित तौर पर बार-बार विवाद, गाली-गलौज, मारपीट और धमकी जैसी घटनाओं का आरोप लगाया है।

शिकायतकर्ता ने कुछ लोगों के नाम का उल्लेख करते हुए दावा किया है कि उनके व्यवहार से आसपास के लोगों में भय और असुरक्षा की स्थिति बन रही है। शिकायत में महिलाओं और बच्चों के साथ कथित दुर्व्यवहार तथा जान से मारने की धमकी मिलने जैसे आरोपों का भी उल्लेख किया गया है।

पुलिस से जांच और निवारक कार्रवाई की मांग
शिकायतकर्ता ने एसपी मुजफ्फरपुर समेत संबंधित पुलिस अधिकारियों से मामले को आधिकारिक रिकॉर्ड में लेने, पूर्व शिकायतों और उपलब्ध तस्वीरों एवं दस्तावेजों की जांच करने तथा भविष्य में किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए निवारक कदम उठाने की मांग की है।

शिकायत में पुलिस से आग्रह किया गया है कि धमकियों की जांच करने और स्थानीय निवासियों, विशेषकर महिलाओं और अन्य संवेदनशील लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की है।

जांच के बाद ही स्पष्ट होगी वास्तविक स्थिति
मामले में सामने आए आरोप शिकायतों और आवेदनों पर आधारित हैं। पुलिस जांच, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, मेडिकल दस्तावेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल स्थानीय लोगों की ओर से प्रशासन से मांग की गई है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मामले का निष्पक्ष सत्यापन किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Advertisements