बिहार विधानसभा चुनाव हुआ हिंसक NDA कैंडिडेट के काफिले पर हमला, गोलीबारी रोड़ेबाजी में MLA अनिल कुमार जख्मी

बिहार का विधानसभा चुनाव हमेशा उग्र अवस्था में ही देखा गया। 2010 के बाद के चुनाव में उग्रता थोड़ी कम देखी गई। लेकिन 2025 के चुनाव में फिर से 2005 या उसके पहले की चुनावों की दशा देखने को मिल रही है।
बिहार के गया में एनडीए प्रत्याशी अनिल कुमार के काफिले पर हमला हुआ है। हमले में NDA की ओर से हम पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व मंत्री, वर्तमान विधायक और एनडीए के प्रत्याशी अनिल कुमार के ऊपर जानलेवा हमला हुआ है जिसमें उनके घायल होने की सूचना मिल रही है। वहीं, घटना की जानकारी के बाद पुलिस मौके पर कैंप कर रही है। एसडीपीओ ने बताया कि मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हम पार्टी की मऊ में सभा थी। जिसे संबोधित करके अनिल कुमार वापस जा रहे थे कार्यक्रम में उपेंद्र कुशवाहा भी शामिल थे। कार्यक्रम से लौटने के दौरान टिकारी प्रखंड के पंचानपुर थाना अंतर्गत बेलमा पंचायत के दिघौरा गांव में NDA के काफिले को रोककर हमला कर दिया गया। हमले में रोड़ेबाजी के साथ-साथ गोलीबारी की भी घटना हुई है। काफिले में शामिल लोगों को बंधक बनाने की भी कोशिश हुई है। जिस वजह से समर्थकों और आसपास के लोगों में नाराजगी है। कई वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया है।
इस संबंध में टिकारी एसडीपीओ सुशांत कुमार चंचल ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची है। मामले की पूरी जानकारी ली जा रही है। छानबीन के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।










