मृतक की मोबाइल के लोकेशन से मोतीपुर हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, मृतक का मोबाइल भी बरामद, अन्य आरोपियों के धरपकड़ के लिए पुलिस कर रही छापेमारी
क्राइम संवाददाता. खबर ज़िंदगी. मुजफ्फरपुर
चारों का कभी साथ में उठना बैठना था। अपराध भी सब साथ मिलकर ही किया करते थे। लेकिन कहते हैं न कि एक नारी घर बसा भी देती है और खुद पर आये तो उजाड़ भी सकती है। कुछ ऐसा ही हुआ जब दोस्तों के बीच एक लड़की का आगमन हुआ और एक चारों दोस्तों के बीच आपस में खींच गई तलवारे और इसमें से एक दोस्त संतोष कुमार की 21-22 जुलाई 2026 की दरम्यानी रात गोली मारकर हत्या कर दी जाती है।
मुजफ्फरपुर के मोतीपुर थाना क्षेत्र में 21-22 जुलाई 2026 की दरम्यानी रात हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह प्रेम प्रसंग और आपसी वर्चस्व की लड़ाई सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, 21-22 जुलाई की रात मोतीपुर बस स्टैंड फ्लाईओवर के समीप एक युवक का गोली लगा शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही मोतीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से मृतक की पहचान संतोष कुमार, निवासी साहेबगंज थाना क्षेत्र, के रूप में की गई।
घटनास्थल पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (पश्चिमी-1) ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। शव का पोस्टमार्टम कराया गया और परिजनों के बयान के आधार पर मोतीपुर थाना कांड संख्या 281/26 दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) और एसडीपीओ पश्चिमी-1 के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। जिला आसूचना इकाई और मोतीपुर थाना पुलिस ने तकनीकी एवं मानवीय सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए मंतोष कुमार और अभिषेक कुमार, दोनों निवासी साहेबगंज थाना क्षेत्र, को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक के साथ उनका लंबे समय से प्रेम प्रसंग और इलाके में वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके चलते हत्या की साजिश रची गई। आरोपियों ने बताया कि संतोष कुमार की हत्या के लिए 20 जुलाई को मटन पार्टी का इंतजाम किया गया था। लेकिन उस दिन सफलता नहीं मिल पाई। अगले दिन 21 जुलाई 2026 को फिर से मटन पार्टी का इंतजाम किया गया। जिसके बाद 21-22 जुलाई की दरम्यानी रात राहुल कुमार उर्फ मनीष ने मोतीपुरा फ्लाईओवर के पास संतोष को दो गोलियां मारी। जिसमें एक गोली संतोष के पैर में लगी और दूसरी गोली उसके सिर में लगी, जिसके बाद घटनास्थल पर ही संतोष की मौत हो गई। जिसके बाद राहुल वहां से फरार हो गया।
पुलिस का कहना है कि इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों राहुल कुमार और विशाल कुमार की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने बताया कि विशाल ने ही रिवॉल्वर खरीद कर राहुल को दी थी, जिससे वारदात को अंजाम दिया गया था। पुलिस ने विश्वास जताया है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।









