आरोपी को गिरफ्तार करने गई मुजफ्फरपुर पुलिस पर हमला: एक ग्रामीण की मौत, कई पुलिसकर्मी घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र में छापेमारी के दौरान पुलिस टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस दौरान हुई फायरिंग में एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

मुजफ्फरपुर पुलिस के अनुसार, गायघाट थाना कांड संख्या 343/23, जो पॉक्सो एवं आत्महत्या से जुड़ा है, उसमें नामजद आरोपी भिखारी राय और अन्य की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम रात में छापेमारी करने पहुंची थी। छापेमारी के दौरान आरोपियों ने शोर मचाकर ग्रामीणों को एकत्रित कर लिया और पुलिस टीम पर पथराव, लाठी-डंडे और फायरिंग के साथ हमला कर दिया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पुलिस टीम ग्रामीणों की भीड़ में फंस गई।

बताया जा रहा है कि अपनी जान बचाने के लिए थानाध्यक्ष ने आत्मरक्षा में हवाई फायरिंग की, जिसके बाद किसी तरह पुलिसकर्मी वहां से निकलने में सफल हुए। इस घटना में थानाध्यक्ष सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वहीं, गोली लगने से एक ग्रामीण की मौत की सूचना मिली है। मृतक की पहचान वीर राय के रूप में हुई है, जो गायघाट थाना क्षेत्र के चौरनिया गांव के निवासी थे।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। इलाके में तनाव का माहौल  है, लेकिन स्थिति नियंत्रण में है।

Sandeepak Kumar
Author: Sandeepak Kumar

संदीपक कुमार, पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 साल से अधिक का अनुभव। ई टीवी से कैरियर की शुरुआत की। महुआ, कशिश न्यूज़,न्यूज 29 जैसे चैनल में बतौर पैनल प्रोड्यूसर और पीसीआर हेड के तौर पर काम किया। रायपुर आईबीसी 24, चंडीगढ़ न्यूज 18 में सीनियर प्रोड्यूसर कार्यरत रहे। कंटेंट डिजायनर के साथ ही स्क्रिप्ट राइटिंग, पैनलिंग और डिजिटल में कार्य का भी अनुभव रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें