मुजफ्फरपुर: मिठनपुरा स्थित बी.पी. इन्द्रप्रस्थ इंटरनेशनल स्कूल में ग्रीष्मावकाश के साथ ही समर कैंप 2026 की शुरुआत हो गई। यह कैंप लगभग 10 दिनों तक चलेगा जिसकी थीम ‘जंगल एडवेंचर’ रखी गई है। इस 10 दिवसीय समर कैंप में मनोरंजन, ज्ञान, रचनात्मकता तथा खेलकूद की व्यवस्था रहेगी।

कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय की चेयरपर्सन दिव्या एवं संयुक्त निदेशक अक्षय कुमार द्वारा किया गया। इसके पश्चात दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। सभी बच्चों, शिक्षकों एवं उपस्थित अतिथियों ने एक साथ हीलियम गुब्बारे आकाश में छोड़कर समर कैंप की शुरुआत को यादगार बना दिया।

समर कैंप के लिए विद्यालय परिसर को पूरी तरह जंगल थीम के अनुरूप विभिन्न हिस्सों में जंगल, पेड़-पौधों एवं जंगली जानवरों के पोस्टर एवं कटआउट से सजावट की गई थी, जो बच्चों को रोमांचित कर रही थीं। कई बच्चे तो विभिन्न वन्य जीवों की वेशभूषा में पहुंचे थे।समर कैंप क पहले दिन बच्चों ने विभिन्न शारीरिक व्यायाम, मनोरंजक गतिविधियों एवं खेलकूद कार्यक्रमों में भाग लिया। इन 10 दिनों में बच्चों के लिए आर्ट एंड क्राफ्ट, डांस, म्यूजिक, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट, स्पोर्ट्स एक्टिविटीज, स्विमिंग क्लासेस तथा अनेक रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

विद्यालय के निदेशक सुमन कुमार ने बताया कि समर कैंप का उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनकी रचनात्मकता, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और शारीरिक दक्षता के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। समर कैंप के माध्यम से बच्चों को सीखने, खेलने और नए अनुभव प्राप्त करने का सुनहरा अवसर मिलेगा।










