पटना 30 जुलाई: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर मतदान से ठीक पहले राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। देर रात मिली जानकारी के अनुसार क जन सुराज पार्टी ने आरोप लगाया है कि उसके करीब 20 नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस एवं एसटीएफ ने हिरासत में लिया है। वहीं, पुलिस प्रशासन का कहना है कि चुनाव से पहले शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कुछ लोगों को केवल पूछताछ के लिए थाने लाया गया है, किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और न ही किसी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
बताया जा रहा है कि मतदान से एक रात पहले जन सुराज पार्टी के संस्थापक एवं बांकीपुर विधानसभा सीट से उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने देर रात पार्टी नेताओं की आपात बैठक बुलाई। बैठक के बाद उन्होंने कहा कि यदि पार्टी नेताओं को नहीं छोड़ा गया तो वह स्वयं थाने जाएंगे।
जन सुराज ने चुनाव आयोग से की शिकायत
जन सुराज पार्टी ने इस कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए चुनाव आयोग के विभिन्न अधिकारियों, मुख्य चुनाव अधिकारी तथा मुख्य चुनाव आयुक्त को शिकायत भेजी है। पार्टी का आरोप है कि उसके कार्यकर्ताओं को बिना किसी ठोस कारण के हिरासत में लिया गया, जिससे चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।
पार्टी के निर्वाचन अभिकर्ता अजय द्विवेदी ने बताया कि कई कार्यकर्ता निजी कार्यों या परिजनों से मिलने पटना आए थे, लेकिन उन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उनके अनुसार कुछ लोगों को पीरबहोर और जक्कनपुर थाने में रखा गया, जबकि कुछ को एसटीएफ अपने साथ ले गई। पार्टी ने जिन लोगों के हिरासत में होने का दावा किया है उनमें प्रत्युष पूर्व, अभय शर्मा, वरुण कुमार, विकास सिंह, अमीर इम्तियाज, मनीष झा और सुदर्शन मिश्रा सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल हैं।
पुलिस ने क्या कहा?
पटना पुलिस ने जन सुराज के आरोपों का खंडन किया है। सचिवालय डीएसपी के अनुसार मतदान से पहले सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना स्तर पर नियमित कार्रवाई की गई है। पीरबहोर थाना प्रभारी ने भी स्पष्ट किया कि कुछ लोगों से केवल पूछताछ की जा रही है। किसी को औपचारिक रूप से गिरफ्तार नहीं किया गया है और ना ही किसी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई है।
आज है मतदान
आपको बता दें कि बांकीपुर विधानसभा सहित 2 अन्य विधान सभा में भी उपचुनाव हो रहा है। इसमें मध्यप्रदेश का दतिया और गुजरात के मंजलपुर में उपचुनाव के लिए मतदान गुरुवार सुबह 8 बजे से शुरू होगा। बांकीपुर सीट पर कुल 25 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। प्रमुख मुकाबला भाजपा के नीरज सिन्हा, राजद की रेखा गुप्ता और जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर के बीच माना जा रहा है। चुनाव परिणाम 3 अगस्त को घोषित किए जाएंगे।
चुनाव से ठीक पहले सामने आए इस घटनाक्रम ने बांकीपुर उपचुनाव को और अधिक चर्चित बना दिया है। हालांकि, पुलिस और जन सुराज पार्टी के दावों में स्पष्ट अंतर है। ऐसे में इन 20 लोगों को थाने पर बुलाने के मामले की वास्तविक स्थिति पर अंतिम तस्वीर आधिकारिक जांच और चुनाव आयोग की प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।









