मुजफ्फरपुर, 30 जुलाई। मुजफ्फरपुर नगर निगम ने श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सरल तथा जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक ऐप विकसित किया है। श्रावणी मेला के दौरान इस ऐप के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए नगर निगम प्रशासन ने डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स के बीच रील प्रतियोगिता आयोजित करने की घोषणा की है। इसका उद्देश्य सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक ऐप की उपयोगिता और सुविधाओं की जानकारी पहुंचाना है।
नगर निगम की ओर से यूट्यूबर्स, इंस्टाग्राम और फेसबुक क्रिएटर्स, व्लॉगर्स तथा अन्य सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है।
31 जुलाई को होगा लाइव डेमो
नगर निगम के अनुसार, 31 जुलाई 2026 को दोपहर 12:30 बजे सिटी पार्क के समीप स्थित नगर भवन में श्रावणी मेला ऐप का लाइव डेमो प्रस्तुत किया जाएगा। इस दौरान नगर आयुक्त ऋतुराज प्रताप सिंह डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स से संवाद करेंगे और प्रतियोगिता की औपचारिक घोषणा करेंगे।
ऐप की विशेषताओं पर बनानी होगी रील
प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागियों को श्रावणी मेला ऐप की विशेषताओं, उपलब्ध डिजिटल सेवाओं और श्रद्धालुओं को मिलने वाली सुविधाओं पर रचनात्मक रील तैयार कर अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करनी होगी। विजेताओं का चयन रील पर प्राप्त व्यूज, लाइक्स और शेयर के आधार पर किया जाएगा।
विजेताओं को मिलेगा नकद पुरस्कार
प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः ₹5,000, ₹3,000 और ₹2,000 की पुरस्कार राशि के साथ मेडल और प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष 10 प्रतिभागियों को प्रशस्ति प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
ऐप की सुविधाओं पर नगर आयुक्त ऋतुराज प्रताप सिंह ने कहा कि श्रावणी मेला ऐप श्रद्धालुओं को एक ही मंच पर सुरक्षित, सरल और सुविधाजनक डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में नगर निगम की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया आज जन-जागरूकता का प्रभावी माध्यम बन चुका है और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स अपनी रचनात्मकता के जरिए इस ऐप की जानकारी अधिक से अधिक श्रद्धालुओं तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
ऐप में दिए गए विकल्पों से डिजिटल माध्यमों के जरिए नागरिकों और श्रद्धालुओं तक सरकारी सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के प्रयासों का हिस्सा मानी जा रही है।









