उत्तरप्रदेश: पुलिसवाला निकला हनीट्रैप का सरगना..संपत्ति हड़पने के लालच में सगे भाई को फसाया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बुलंदशहर पुलिस को एक सख्श ने शिकायत किया कि एक आदमी पैसों के लिए उसे तंग कर रहा है। जब पुलिस ने तहकीकात की तो जो सच सामने आया उसने रिश्ते और भरोसे का कत्ल कर दिया। इसमें एक दरोगा की भूमिका सामने आयी जिसने भाई की संपत्ति हड़पने के लिए हनीट्रैप का सहारा लिया

बुलंदशहर: अपने ही सगे भाई की संपत्ति हड़पने के लिए ‘हनी ट्रैप’ की खौफनाक पटकथा लिखने वाले आरोपी दरोगा राकेश कुमार को पकड़ने के लिए बुलंदशहर पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस टीम ने रामपुर, मिलकखानम और सिविल लाइंस क्षेत्र के संदिग्ध ठिकानों पर छापा मारा, लेकिन गिरफ्तारी के डर से दरोगा पहले ही फरार हो गया।

दरअसल पुलिस को एक व्यक्ति ने शिकायत किया कि कुछ लोग उससे जबरस्ती पैसे की मांग कर रहे हैं। इस अपराध की विवेचना के दौरान पता चला कि पैसे की मांग करने वाला पश्चिमी यूपी और उत्तराखंड में सक्रिय एक बड़े हनी ट्रैप गिरोह का गैंग है। जिसके बाद पुलिस ने गाजियाबाद की रानी, उसके पिता राजू और रामपुर निवासी ओमकार समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि इस पूरे गैंग का मास्टरमाइंड रामपुर के मिलकखानम थाने में तैनात दरोगा राकेश कुमार है। राकेश ने अपने ही भाई को जाल में फंसाकर उसकी संपत्ति पर कब्जा करने के लिए इस गिरोह का सहारा लिया था।

गुलावठी थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार शर्मा के नेतृत्व में आई टीम ने शुक्रवार रात रामपुर के कृष्णानगर और मिलकखानम में दारोगा को पकड़ने के लिए छापेमारी की। लेकिन दरोगा मौके से फरार हो गया। दरोगा के न मिलने पर पुलिस अब उसके करीबियों पर शिकंजा कस रही है। दूसरी ओर, पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी ओमकार के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगालनी शुरू कर दी है। सीडीआर से पता चला है कि रामपुर के कई रसूखदार लोग इस गिरोह के संपर्क में थे, जिनके नाम जल्द ही सामने आ सकते हैं।

युवक की शिकायत पर गुलावठी पुलिस ने हनीट्रैप में फंसाने वाली युवती, उसके पिता समेत पांच शातिरों को गुरुवार को गिरफ्तार किया था। इनके पास से घटना में प्रयुक्त थार गाड़ी और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस पूछताछ के बाद आरोपियों का चालान कर दिया गया है। वहीं, रामपुर के मिलक खानम थाने में तैनात आरोपी दरोगा नीरज कुमार को निलंबित कर दिया गया।

एसपी सिटी अभिषेक प्रताप अजेय ने बताया कि इस घटना को पूरी योजना बनाकर अंजाम दिया गया था। रामपुर में तैनात दरोगा नीरज का वादी राकेश से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। दरोगा ने योजना बनाई कि वह अपने भाई को हनीट्रैप में फंसाकर दुष्कर्म के केस में जेल भिजवा देगा और पूरी जमीन पर कब्जा कर लेगा। दरोगा ने ओमकार सिंह से संपर्क किया। ओमकार ने गिरोह के साथ मिल योजना बनाई। राजू की बेटी रानी को राकेश से बात कर उसे अपने जाल में फंसाने के लिए कहा। लेकिन रानी और उसके पिता ने शुरुआत से ही रुपये मांगने शुरू कर दिए। राकेश को शक हो गया और उसने पुलिस से संपर्क किया। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी ओमकार सिंह के खिलाफ बरेली में डकैती, गैंगस्टर एक्ट, रामपुर में शस्त्र अधिनियम, लूट, अनैतिक देह व्यापार अधिनियम, डकैती, जानलेवा हमला, गुंडा एक्ट, आईटी एक्ट, संभल में शस्त्र अधिनियम, चोरी के 26 मामले दर्ज हैं। वहीं, पवन सैनी के खिलाफ मुरादाबाद, रामपुर, संभल आदि स्थानों पर चोरी, जानलेवा हमला, गुंडा एक्ट, लूट आदि के 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी मुनेश के खिलाफ संभल में चार आपराधिक मामले दर्ज हैं।

Sandeepak Kumar
Author: Sandeepak Kumar

संदीपक कुमार, पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 साल से अधिक का अनुभव। ई टीवी से कैरियर की शुरुआत की। महुआ, कशिश न्यूज़,न्यूज 29 जैसे चैनल में बतौर पैनल प्रोड्यूसर और पीसीआर हेड के तौर पर काम किया। रायपुर आईबीसी 24, चंडीगढ़ न्यूज 18 में सीनियर प्रोड्यूसर कार्यरत रहे। कंटेंट डिजायनर के साथ ही स्क्रिप्ट राइटिंग, पैनलिंग और डिजिटल में कार्य का भी अनुभव रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें