पीएम सूर्य घर योजना: मुजफ्फरपुर के 7,968 गरीब परिवारों के घर होंगे सौर ऊर्जा से रोशन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मुजफ्फरपुर: प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत मुजफ्फरपुर जिले के 7,968 कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने की प्रक्रिया का ऑनलाइन शुभारंभ किया गया। राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विद्युत भवन, पटना से योजना का विधिवत उद्घाटन किया।

लाभार्थी के घर पर 550 वॉट के दो सोलर पैनल

योजना के तहत जिले के 16 प्रखंडों की 80 चयनित पंचायतों में चिन्हित 42,776 कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं में से प्रथम चरण में 7,968 परिवारों को लाभ मिलेगा। प्रत्येक लाभार्थी के घर पर 1.1 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित किया जाएगा, जिसमें 550 वॉट के दो सोलर पैनल लगाए जाएंगे। इससे लाभार्थियों को आजीवन स्वच्छ, हरित एवं मुफ्त बिजली उपलब्ध होगी।

लाभुकों ने मुख्यमंत्री से किया संवाद

कार्यक्रम के दौरान समाहरणालय सभागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुसहरी प्रखंड के राजेपुनास गांव की लाभुक श्रीमती नीलम देवी ने मुख्यमंत्री से संवाद कर योजना के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना से उनके परिवार को पहले ही आर्थिक राहत मिली है और अब सोलर ऊर्जा से यह लाभ और बढ़ेगा।

समाहरणालय सभागार में विधायक अजीत कुमार, जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन, उप विकास आयुक्त श्रेष्ठ अनुपम, एसडीओ पूर्वी तुषार कुमार सहित बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, लाभुक एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।

48 करोड़ की लागत से लगेंगे रूफटॉप

जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने बताया कि जिले में इस परियोजना पर लगभग 48.20 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य गरीब एवं कुटीर ज्योति परिवारों को आजीवन मुफ्त एवं हरित ऊर्जा उपलब्ध कराना है। यह पहल न केवल बिजली बिल से राहत देगी बल्कि पर्यावरण संरक्षण, कार्बन उत्सर्जन में कमी और ऊर्जा आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा देगी।

जिले में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रति लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है। अब तक 4,521 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जबकि 1,319 घरों में सोलर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं। प्रशासन का लक्ष्य अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक शीघ्र योजना का लाभ पहुंचाना है।

Sandeepak Kumar
Author: Sandeepak Kumar

संदीपक कुमार, पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 साल से अधिक का अनुभव। ई टीवी से कैरियर की शुरुआत की। महुआ, कशिश न्यूज़,न्यूज 29 जैसे चैनल में बतौर पैनल प्रोड्यूसर और पीसीआर हेड के तौर पर काम किया। रायपुर आईबीसी 24, चंडीगढ़ न्यूज 18 में सीनियर प्रोड्यूसर कार्यरत रहे। कंटेंट डिजायनर के साथ ही स्क्रिप्ट राइटिंग, पैनलिंग और डिजिटल में कार्य का भी अनुभव रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें