सेटेलाइट टाउनशिप में जिस जमीन मालिक की जमीन अधिग्रहीत की गई है उन्हें जमीन के बदले पैसा बेटी की शादी या आपदा की स्थिति में उनके खाते में भेजा जाएगा। मंगलवार को सोनपुर में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने यह बात कही है।

बिहार के जिलों को स्मार्ट सिटी बनाने के बाद अब शहर से सटे इलाकों में 11 नई टाउनशिप बसाया जा रहा है। जिसके लिए जमीनों का चिन्हांकित किया जा चुका है, लेकिन अभी अधिग्रहण नहीं किया जा रहा है। चिह्नित क्षेत्रों में जमीन मालिकों के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा ऐलान किया है। सीएम ने कहा कि अगर किसी के घर में बेटी की शादी है, कोई विपदा या आपदा आई है, तो उन्हें परेशान होने कि जरूरत नहीं है। वे अपने जिले के डीएम के पास आवेदन कर सकते हैं। उनकी जमीन का 4 गुना पैसा सीधा उनके बैंक खाते में भेज दिया जाएगा।
बिहार में इन जगहों पर सेटेलाइट टाउनशिप आपको बता दें कि राज्य सरकार ने पटना, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, गयाजी, पूर्णिया, दरभंगा, छपरा, सोनपुर, सीतामढ़ी, मुंगेर और सहरसा में सेटेलाइट टाउनशिप बनाने का ऐलान किया था। इनमें से 3 पटना, भागलपुर और मुजफ्फरपुर ऐसे जिले हैं जिन्हें पहले ही स्मार्ट सिटी घोषित किया जा चुका है। वहीं, राज्य सरकार ने सभी टाउनशिप के प्रस्तावित नक्शे भी जारी कर दिए हैं। चिह्नित क्षेत्रों में आने वाले गांवों में जमीन की खरीद, बिक्री और ट्रांसफर पर रोक लगा दी गई। यह रोक अगले एक साल तक रहेगी।
टाउनशिप के चिह्नित क्षेत्रों में जमीन की बिक्री पर प्रतिबंध लगने से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। राज्य सरकार की ओर से कहा गया कि जमीन की खरीद-फरोख्त को रोकने और रैयतों को नुकसान से बचाने के लिए सरकार ने प्रतिबंध लगाया है। बताया जा रहा है कि नई टाउनशिप का मास्टर प्लान तैयार होने के बाद यह रोक हटा दी जाएगी।
गौरतलब है कि इसकी परिकल्पना बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्री कृष्ण सिंह के समय आया था। राज्य में टाउन प्लानिंग के लिए सबसे पहला कानून, बिहार टाउन प्लानिंग एंड इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट एक्ट 1951 में लाया गया था। इसके बाद साल 2012 में इसे नए स्वरूप में आधुनिक और सुनियोजित विकास के लिए बिहार सरकार ने बिहार शहरी नियोजन एवं विकास अधिनियम 2012 पारित किया। इसके बाद 2023 में प्राधिकरण का विस्तार कर इसके तहत कई चरणों में ‘आयोजना क्षेत्र प्राधिकरण’ (Planning Area Authority) का गठन किया गया, जिसमें पटना के अलावा मुजफ्फरपुर, भागलपुर, गया, और बिहारशरीफ सहित कई प्रमुख शहर शामिल हैं।










