समस्तीपुर-दरभंगा चेन स्नैचिंग मामला: ओडिशा में गिरफ्तार अपराधियों में से 3 आरोपियों से पूछताछ करेगी बिहार रेल पुलिस

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मुजफ्फरपुर 3 अगस्त 2026: ट्रेनों में यात्रियों से सोने-चांदी के गहने छीनने की घटनाओं की जांच के दौरान बिहार रेल पुलिस को एक बड़ी और अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस के अनुसार, पश्चिम बंगाल से जुड़े एक कथित “लश्कर” गिरोह के कुछ सदस्य समस्तीपुर और दरभंगा रेलवे स्टेशनों पर हुई चेन स्नैचिंग की घटनाओं में शामिल पाए गए हैं। इन आरोपियों से पूछताछ के लिए बिहार रेल पुलिस जल्द ही ओडिशा जाएगी।

रेल पुलिस के मुताबिक, ओडिशा पुलिस ने 16 जुलाई को 13 संदिग्ध सदस्यों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा था। जब इसकी जांच की गई तो प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में से तीन समस्तीपुर और दरभंगा में दर्ज चेन स्नैचिंग के मामलों से जुड़े हो सकते हैं। पुलिस का दावा है कि इनकी तस्वीरें दोनों स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज में भी दिखाई दी हैं। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह भीड़भाड़ का फायदा उठाकर ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को छिनतई का निशाना बनाता था। मुजफ्फरपुर रेल पुलिस, ओडिशा और पश्चिम बंगाल पुलिस के साथ मिलकर पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।

समस्तीपुर और दरभंगा की घटना की होगी जांच
पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई को समस्तीपुर स्टेशन पर इंटरसिटी एक्सप्रेस में यात्रा कर रही मुंगेर की एक महिला  यात्री ने सोने की चेन चोरी होने का मामला दर्ज हुआ था। महिला।का।कहना था कि भीड़ का फायदा उठाकर कोई अपराधी उसके गले से चेन झटक लिया। ठीक इसके अगले दिन 4 जुलाई को ही दरभंगा स्टेशन पर मधुबनी  के सकरी निवासी एक यात्री की लगभग 22 ग्राम वजन की सोने की चेन चोरी होने की शिकायत दर्ज की गई थी।

इसी दौरान कांटी (मुजफ्फरपुर) निवासी एक महिला ने भी समस्तीपुर जीआरपी में शिकायत दर्ज कराई थी कि जयनगर-दानापुर इंटरसिटी में चढ़ने के दौरान कुछ लोगों ने उन्हें घेरकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली।

ओडिशा में गिरफ्तारी, 42 मोबाइल जब्त
रेल पुलिस का कहना है कि जांच में कुछ संदिग्धों के नाम सामने आए थे, जिनमें रफिकुल सरदार, नूर हुसैन और कथित सरगना राजू लश्कर शामिल हैं। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली थी कि गिरोह के सदस्य रथ यात्रा के दौरान ओडिशा पहुंचे थे। इसके बाद ओडिशा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 13 संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, उनके पास से 42 मोबाइल फोन सहित अन्य सामान बरामद किया गया।पुलिस के अनुसार, राजू लश्कर अभी फरार है और उसकी संभावित लोकेशन पश्चिम बंगाल में बताई जा रही है।

मुजफ्फरपुर रेल एसपी का बयान
मुजफ्फरपुर की रेल एसपी बीना कुमारी ने बताया कि गिरफ्तार तीन आरोपियों के खिलाफ बिहार में भी मामले दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि रेल डीआईजी, पटना से अनुमति मिलने के बाद इस सप्ताह एक विशेष टीम ओडिशा भेजी जाएगी, जो आरोपियों से पूछताछ कर मामले की आगे की जांच करेगी। इसके लिए संबंधित अदालत से प्रोडक्शन वारंट जारी कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

यहां एक बात जो बहुत जरूरी है कि यह समाचार पुलिस द्वारा साझा की गई जांच संबंधी जानकारी पर आधारित है। मामले की जांच जारी है और जब यह मामला न्यायालय में जाएगा उसके बाद उनके ऊपर आरोप तय होंगे।

Sandeepak Kumar
Author: Sandeepak Kumar

संदीपक कुमार, पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 साल से अधिक का अनुभव। ई टीवी से कैरियर की शुरुआत की। महुआ, कशिश न्यूज़,न्यूज 29 जैसे चैनल में बतौर पैनल प्रोड्यूसर और पीसीआर हेड के तौर पर काम किया। रायपुर आईबीसी 24, चंडीगढ़ न्यूज 18 में सीनियर प्रोड्यूसर कार्यरत रहे। कंटेंट डिजायनर के साथ ही स्क्रिप्ट राइटिंग, पैनलिंग और डिजिटल में कार्य का भी अनुभव रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें