
तिरुपरंकुंद्रम में कार्तिक दीपम पर विवाद: क्या हिंदू धार्मिक परंपरा पर भारी पड़ रही तुष्टीकरण की राजनीति? सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद 25 को नहीं जल सका दीप। सर्वोच्च न्यायालय ने 28 नवम्बर को दिया दीप कार्यक्रम कराने का आदेश।
चेन्नई: तमिलनाडु के तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिक दीपम जलाने को लेकर उठा विवाद अब केवल एक धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं रह गया है। यह मामला हिंदू धार्मिक परंपराओं, धार्मिक अधिकारों, प्रशासनिक निष्पक्षता और न्यायपालिका के आदेशों के अनुपालन से जुड़ा बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन गया है। सुप्रीम कोर्ट की अनुमति के बावजूद विवादित दीपाथून स्तंभ पर 24 नवंबर को दीप प्रज्ज्वलित नहीं होने से तमिलनाडु सरकार की भूमिका पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
हिंदू संगठनों और धार्मिक परंपरा के समर्थकों का कहना है कि जिस धार्मिक आयोजन का संबंध भगवान शिव और भगवान कार्तिकेय की आराधना से है, उसे प्रशासनिक और राजनीतिक विवादों में उलझाना धार्मिक भावनाओं के साथ अन्याय है।
कार्तिक दीपम प्रकाश और ज्ञान की विजय का पर्व
कार्तिक दीपम हिंदू धर्म का महत्वपूर्ण दीपोत्सव, अंधकार पर प्रकाश, अज्ञान पर ज्ञान और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक माना जाता है। यह पर्व भगवान शिव और भगवान कार्तिकेय की आराधना से जुड़ा है।
तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिक दीपम जलाने की परंपरा को लेकर इस वर्ष विवाद गहरा गया है। विवाद का केंद्र पहाड़ी पर स्थित दीपाथून नामक पत्थर का स्तंभ है।
यह स्थान हजरत सुल्तान सिकंदर बादशाह औलिया दरगाह से लगभग 50 मीटर की दूरी पर बताया जाता है। मुस्लिम पक्ष की ओर से इस पत्थर के स्तंभ को सर्वे स्टोन बताते हुए संबंधित पहाड़ी क्षेत्र पर अपना दावा पेश किया जाता रहा है।



सुप्रीम कोर्ट की अनुमति के बाद भी नहीं जला दीप
इस विवाद में 20 नवंबर 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु सरकार की अर्जी को जिसमे कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को दरकिनार कर मंदिर की ओर से अधिकृत सीमित टीम को दीपाथून पर कार्तिक दीपम जलाने की अनुमति दी थी। लेकिन न्यायालय के आदेश के बावजूद विवादित स्तंभ पर दीप प्रज्ज्वलित नहीं किया गया। दीप पारंपरिक रूप से उची पिल्लैयार मंदिर के पास ही जलाया गया।
धार्मिक परंपरा या राजनीतिक तुष्टीकरण?
इस घटनाक्रम के बाद हिंदू संगठनों और भाजपा ने तमिलनाडु सरकार के रुख का विरोध किया है। उनका आरोप है कि सरकार धार्मिक परंपरा और हिंदू समुदाय की भावनाओं को पर्याप्त महत्व नहीं दे रही है। दूसरी ओर, कांग्रेस नेता मणिक्कम टैगोर ने मुख्यमंत्री विजय के रुख का समर्थन करते हुए भाजपा और आरएसएस पर इस मुद्दे का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है।

हिंदू समाज के सामने बड़ा सवाल: सुनील कुमार
इस घटनाक्रम पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए ब्रह्मर्षि विकास संगठन के सचिव सुनील कुमार ने कहा कि हिंदू परंपरा तमिलनाडु सरकार की नीतियों और धार्मिक विवादों की भेंट चढ़ती दिखाई दे रही है। कार्तिक दीपम केवल दीप जलाने का आयोजन नहीं, बल्कि हमारी आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा का प्रतीक है।
उन्होंने कहा देश और धर्म दोनों की रक्षा करनी है। हिंदू समाज को जागरूक होना होगा और अपनी धार्मिक परंपराओं तथा संवैधानिक अधिकारों के प्रति सजग रहना होगा।” उनका कहना है कि धार्मिक आस्था के मामलों में किसी भी प्रकार का दोहरा मापदंड स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए।
28 नवंबर शनिवार को करना होगा दीप कार्यक्रम-SC का आदेश
इन सब विवादों के बीच सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु के मदुरै स्थित थिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर विवादित दीपथून स्तंभ पर शनिवार को पारंपरिक दीपक जलाने का आदेश दिया है। इसके साथ ही अरुलमिगु सुब्रमण्य स्वामी मंदिर के ट्रस्ट बोर्ड को निलंबित कर मंदिर का प्रशासन अपने नियंत्रण में लेकर 2 सदस्यीय समिति गठित की है।
इसके अलावा मंदिर और पहाड़ी की सुरक्षा सर्वोच्च न्यायालय ने CRPF को सौंपी है। दीपक जलाने के लिए 24 नवंबर को उचिपिल्लैयार मंडपम में प्रज्वलित दीपक की लौ के इस्तेमाल, सभी श्रद्धालुओं को शामिल होने और दीपक जलाने की जगह को दरगाह से कम से कम 50 मीटर दूर रखने का निर्देश दिया है, जबकि दरगाह की सुरक्षा तमिलनाडु पुलिस करेगी।
वहीं 20 नवंबर के आदेश का पालन नहीं होने पर जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल पंचोली की पीठ ने मुख्य सचिव, DGP, मदुरै कलेक्टर समेत अन्य अधिकारियों को अवमानना का नोटिस जारी कर मुख्य सचिव को व्यक्तिगत रूप से पेश होकर अधिकारियों के बीच हुए ईमेल, फोन कॉल और संदेशों का ब्योरा देते हुए हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया और कहा कि ‘अराजकता की कोशिश होगी तो ठीक कर देंगे’
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब देश की सर्वोच्च अदालत ने धार्मिक आयोजन के लिए अनुमति दी थी, तो प्रशासनिक स्तर पर उसका अनुपालन क्यों नहीं हो सका?
जबकि न्यायिक आदेशों का सम्मान और उनका पालन किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियादी शर्त है। धार्मिक संवेदनशीलता और कानून-व्यवस्था के नाम पर अदालत के आदेश के अनुपालन में बाधा आने की स्थिति निश्चित रूप से गंभीर समीक्षा की मांग करती है।










