

हरियाणा के किसी भी चौराहे पर बहस को तैयार बीजेपी
मुजफ्फरपुर विधायक रंजन कुमार ने कहा “सत्ता के बिना कांग्रेस की हालत बिन पानी के मछली जैसी”
नई दिल्ली/करनाल: राहुल गांधी की बहस की चुनौती पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि यदि राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बहस करना चाहते हैं तो उन्हें प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग करनी चाहिए। भाजपा संसद में बहस के लिए तैयार है। वहीं, सड़क पर बहस की चुनौती पर शाह ने कहा कि राहुल गांधी हरियाणा का कोई भी चौराहा लें, वहां भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष चर्चा करने पहुंच जाएंगे।
पैदल यात्रा के दौरान अमित शाह ने साधा निशाना
हरियाणा के करनाल में पैदल यात्रा के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राहुल गांधी के बयानों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कांग्रेस पर संसद की कार्यवाही बाधित करने और महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा से बचने का आरोप लगाया। शाह ने कहा कि संसद में चर्चा लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है और राजनीतिक दलों को अपनी बात सदन में रखनी चाहिए।
SIR पर बहस के लिए विशेष सत्र बुलाने की पेशकश
अमित शाह ने राहुल गांधी के बयान पर कहा कि यदि वह SIR के मुद्दे पर बहस करना चाहते हैं तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखें। भाजपा संसद का विशेष सत्र बुलाने के लिए तैयार है। उन्होंने राहुल गांधी से संसद में आकर इस मुद्दे पर चर्चा करने की बात कही।



सड़क पर बहस की चुनौती पर भी दिया जवाब
राहुल गांधी की ओर से संसद के बाहर बहस की चुनौती पर अमित शाह ने अलग अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि यदि राहुल गांधी सड़क पर ही चर्चा करना चाहते हैं तो हरियाणा का कोई भी चौराहा चुन लें। वहां भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष उनसे चर्चा करने पहुंच जाएंगे। जिस तरीके से युवा मोर्चा के अध्यक्ष की बात की गई है उससे अब दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के बीच जुबानी जंग और तेज होने की संभावना है।
राहुल गांधी ने पीएम मोदी को दी है बहस की चुनौती
दरअसल, राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित करते हुए मीडिया और देश के युवाओं की मौजूदगी में बहस की चुनौती दी थी। उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री किसी भी मंच या स्थान का चयन कर सकते हैं। राहुल गांधी ने देशद्रोह, विदेशी ताकतों और उनसे जुड़े संबंधों जैसे मुद्दों पर सार्वजनिक बहस करने की बात कही थी।

मुजफ्फरपुर विधायक रंजन कुमार की प्रतिक्रिया
इस मामले पर मुजफ्फरपुर विधायक रंजन कुमार ने कहा कि सत्ता के बिना कांग्रेस की हालत बिन पानी के मछली जैसी है। राहुल गांधी को पहले SIR का मतलब समझना चाहिए। SIR तो कांग्रेस के शासनकाल से होता आ रहा है। बीजेपी युवा मोर्चा के अध्यक्ष से बहस के मुद्दे पर रंजन कुमार ने कहा कि बीजेपी का बूथ लेवल का कार्यकर्ता भी राहुल गांधी से बहस में अव्वल होगा।
बहस के केंद्र में SIR और विदेशी दौरे संबंधी मुद्दे
राहुल गांधी और अमित शाह के बीच बयानबाजी से राजनीतिक चर्चा का केंद्र SIR, विदेशी संबंध और संसद में बहस जैसे मुद्दे बन गए हैं। एक ओर अमित शाह ने राहुल गांधी की चुनौती स्वीकार किया तो वही दूसरी तरफ उनके राहुल के बार बार विदेशी दौरों और हालिया वियतनाम दौरे पर उन्हें अपने कार्यक्रम की रुपरेखा भी जनता के सामने बताने को कहा।
फिलहाल दोनों नेताओं के बयानों ने राजनीतिक माहौल को गर्म कर दिया है। अब देखना होगा कि बहस की यह चुनौती आगे किसी औपचारिक चर्चा तक पहुंचती है या राजनीतिक बयानबाजी तक ही सीमित रहती है।










