
दरभंगा: डीजे की गाड़ी को साइड करने को लेकर विवाद में असामाजिक तत्वों ने डीजे संचालक के ऊपर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में प्रभात चौबे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना दरभंगा जिले के सिंहवाड़ा प्रखंड के रामपुरा गांव की बताई जा रही है। इस को लेकर स्थानीय सिंहवाड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
एफआईआर के अनुसार, घटना 30 अप्रैल, 2026 के शाम करीब सात बजे की है। आरोप है कि गांव के ही भरत महतो और उसके तीसरे भाई, प्रदीप कुमार, सोहन कुमार, माहो महतो और दो अज्ञात ने डीजे गाड़ी को हटाने को लेकर विवाद किया और विवाद बढ़ने पर चाकू, डाइगर व अन्य हथियार से प्रभात चौबे के सिर और पीठ पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उसी दौरान जब प्रभात चौबे की पत्नी मंजू देवी ने अपने पति को बचाने की कोशिश की तो आरोपितों ने उस पर भी हमला किया। साथ में उससे अभद्र व्यवहार करते हुए उसके कपड़े फाड़ने की कोशिश की। पर वहां मौजूद ग्रामीणों ने उसकी जान बचाई साथ ही प्रभात चौबे को इलाज के लिए सिंहवाड़ा पीएचसी भेजा। जहां इमरजेंसी में इलाज कर उसकी जान बचाई जा सकी।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में थाना प्रभारी बसंत कुमार ने जांच के लिए ब्रह्मदेव दास को आईओ प्रतिनियुक्त किया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इलाके में घटना के बाद तनाव का माहौल बना हुआ है।










