मुज़फ्फरपुर: पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, मुज़फ्फरपुर (शिफ्ट-II) के कक्षा 11वीं के छात्र उमर अली ने 55वीं केवीएस राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ताइक्वांडो की अंडर-17 (68 से 73 किलोग्राम) स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय, मुज़फ्फरपुर और केवीएस पटना संभाग में खुशी और गर्व का माहौल है।

राष्ट्रीय स्तर की यह प्रतियोगिता 7 से 11 अगस्त 2026 तक बेंगलुरु में आयोजित की गई, जिसमें देशभर के केंद्रीय विद्यालयों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने भाग लिया। उमर अली ने केवीएस पटना रीजन का प्रतिनिधित्व करते हुए ताइक्वांडो के मुकाबलों में शानदार खेल कौशल, आत्मविश्वास और अनुशासन का परिचय दिया।
अंडर-17 आयु वर्ग के 68 से 73 किलोग्राम भार वर्ग में हुए मुकाबलों में उमर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त किया। ताइक्वांडो के प्रतियोगिता नियमों के अनुसार सेमीफाइनल चरण तक पहुंचने वाले खिलाड़ियों को संयुक्त कांस्य पदक प्रदान किया जाता है, जिसके तहत उमर अली ने यह उपलब्धि हासिल की.

विद्यालय प्रशासन ने उमर की सफलता को उनकी कड़ी मेहनत, निरंतर अभ्यास और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम बताया है। शिक्षकों का कहना है कि ऐसी उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।
उमर अली की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, अभिभावकों, नाते-रिश्तेदारों और मुज़फ्फरपुर के लोगों ने उन्हें हार्दिक बधाई दी है तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह सफलता न केवल केंद्रीय विद्यालय मुज़फ्फरपुर बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है और यह दर्शाती है कि अनुशासन, परिश्रम और दृढ़ संकल्प से राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया जा सकता है।










